विशेष संवाददाता
नई दिल्ली,देवरिया। उत्तर प्रदेश स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संघ के कोषाध्यक्ष व ग्राम बदुरांव निवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी लहरी प्रसाद शाही का बुधवार को निधन हो गया। वह 93 वर्ष के थे। अभी हाल ही में देश के 73 वें स्वतन्त्रता दिवस पर राष्ट्रपति भवन में देश के कुछ चुनिंदा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों सम्मानित किया गया था जिसमें लहरी प्रसाद शाही को भी सम्मानित किया गया था। उनके परिवार में उनकी पत्नी के अलावा उनके पुत्र संजय शाही हैं, उन्होंने बताया कि अचानक सुबह उन्हें सीने में दर्द हुआ, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए कसया लेकर गए, जहां अस्पताल में उनकी मौत हो गई। लहरी शाही के निधन की खबर सुनते ही लोगों का जमावड़ा लग गया। जिलाधिकारी ने सूचना मिलते ही तहसीलदार को भेजा। उन्होंने स्व. शाही को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। शाही के निधन पर कैबिनेट मंत्री सूर्यप्रताप शाही, सांसद रमापति राम त्रिपाठी, पूर्व एमएलसी रामाशीष राय, स्वतंता संग्राम सेनानी प्रहलाद पटेल, विधायक गंगा सिंह कुशवाहा, समाजसेवी दिवाकर सिंह, धीरज राय, शुभम शाही, नीतू सिंह, सिंधु शाही आदि ने शोक जताया है।