विशेष संवाददाता
नई दिल्ली । आप ने दिल्ली में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति को लेकर रविवार को भाजपा पर गंदी राजनीति करने का आरोप लगाया। आप के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा केंद्र को पुलिस को निर्देश देना चाहिए कि वह अपराधियों को पकड़ने के साथ ही अपराधों पर भी अंकुश लगाए। संजय सिंह ने कहा कि अपराध पर लगाम लगाने के बजाय भाजपा गंदी राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा हाल ही में भाजपा नेता की पत्नी से दिनदहाड़े लूटपाट की गई, लेकिन भाजपा इसे लेकर चिंतित नहीं है कि इन घटनाओं को कैसे रोका जाए। अपराध चाहे किसी ने किया हो, उसे पकड़ो और सजा दो। उन्होंने कहा कि अपनी नाकामी मत छिपाओ।
आप नेता ने कहा कि अपराधी के रुतबे की परवाह किए बगैर उन्हें दोषियों को पकड़ने तथा उन्हें सजा देने की जरूरत है, चाहे वे किसी भी धर्म या जाति के हों। घुसपैठिए हों या स्थानीय। संजय सिंह ने कहा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शहर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं। उनके द्वारा लगवाए गए सीसीटीवी कैमरों के कारण ही प्रधानमंत्री की भतीजी से लूटपाट करने वाले अपराधियों की पहचान की जा सकी है।
उन्होंने कहा लेकिन असली सवाल यह है कि अपराध हो ही क्यों रहे हैं? भाजपा की दिल्ली पुलिस कहां है? वह क्या कर रही है? भाजपा को सकारात्मक राजनीति करनी चाहिए। लोगों के जान-माल को लेकर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने केंद्र से पड़ोसी राज्य में पराली जलाने से रोकने के लिए कदम उठाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा पराली जलाने से राष्ट्रीय राजधानी में प्रदूषण हो रहा है।
उधर, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने राष्ट्रीय राजधानी में 80 फीसदी अपराधों के लिए अवैध प्रवासियों को जिम्मेदार ठहराया है। तिवारी ने कहा दिल्ली में राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआर सी) लागू की जानी चाहिए। इससे अपराधों पर नियंत्रण लगेगा। हाल ही में 24 घंटे में दिल्ली में नौ हत्याएं हुई। झपटमारी के कई मामलों के अलावा दुष्कर्म तथा यौन उत्पीड़न के हजारों मामले आते हैं। अब देश के प्रधानमंत्री की भतीजी से बदमाशों ने लूटपाट की है।