विशेष प्रतिनिधि
नई दिल्ली । कांग्रेस ने सुभाष चोपड़ा को दिल्ली कांग्रेस का अध्यक्ष और पूर्व सांसद कीर्ति आजाद को चुनाव प्रचार समिति का प्रमुख नियुक्त किया है। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक ब्यान में बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने चोपड़ा और आजाद की नियुक्ति की।
ज्ञात रहे कि चोपड़ा पहले भी दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रहे हैं। वह कालकाजी विधानसभा सीट से विधायक भी रहे हैं। कई बार विधायक रहे सुभाष चोपड़ा कांग्रेस के टिकट पर 1989 में साउथ दिल्ली सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ चुके हैं। चोपड़ा 1970 में डूसू के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व क्रिकेटर आजाद ने अपनी नियुक्ति के साथ लंबे समय बाद दिल्ली की राजनीति में वापसी की है। भाजपा में रहते हुए वह दरभंगा से सांसद रहे। उनके पिता भगवत झा आजाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बिहार के मुख्यमंत्री रहे थे।