मुम्बई। बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक अपने अभिनय से अलग पहचान बना चुकीं प्रियंका चोपड़ा अब जल्द ही अमेरिकन सिंगर निक जोनस के साथ शादी के बंधन में बंध जाएंगी। दरअसल शादी की जहां तैयारियां इन दिनों जोरों पर हैं तो वहीं उनके आशियाने को भी लाइटों से जगमगा दिया गया है। सूत्र बताते हैं कि प्रियंका और निक इसी साल 2 दिसंबर को जोधपुर में विवाह करने वाले हैं। इसे इसलिए भी सही माना जा रहा है क्यों कि प्रियंका का घर भी सज चुका है। प्रियंका के मुंबई वाले घर को दुल्हन की तरह सजा दिया गया है, जिसकी तस्वीरें भी तेजी से वायरल हो रही हैं। यही नहीं बल्कि शादी करने के लिए तो निक भी भारत आ चुके हैं। निक ने भारत आने की जानकारी सोशल मीडिया पर दी थी। इसके साथ ही जब निक शॉपिंग करने मार्केट पहुंचे तो उन्हें कैमरों में कैद कर लिया गया। वहीं दूसरी तरफ प्रियंका जहां शादी की तैयारियों में जुटी हैं तो वहीं अपनी आने वाली फिल्म की शूटिंग भी पूरी करने में कोई कोर-कसर बाकी नहीं रख रही हैं। गौरतलब है कि उनकी अपकमिंग फिल्म द स्काई इज पिंक की टीम ने हाल ही में प्रियंका को प्रीवेडिंग पार्टी दी थी, जिसमें निक भी शामिल हुए थे। सूत्रों की मानें तो प्रियंका और निक जोधपुर के उम्मेद भवन पैलेस में शादी करने जा रहे हैं और इसके लिए बकायदा हैलीकॉप्टर भी बुक किया जा चुका है। इसलिए भी फैंस को इस शादी समारोह का बेसब्री से इंतजार है।