विशेष संवाददाता
नई दिल्ली। दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके में गुरुवार की सुबह एक फैक्ट्री में आग लग गई और जोरदार धमाके के चलते बिल्डिंग का कुछ हिस्सा ध्वस्त हो गया। इसके चलते फैक्ट्री में मौजूद लोगों समेत कई दमकलकर्मी भी फंस गए। तड़के आग की सूचना मिलने पर दमकलकर्मी बचाव के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान एक जोर का धमाका हुआ और बिल्डिंग ही धराशायी हो गई। बिल्डिंग के मलबे में कितने लोग फंसे हैं, इसको लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल बचाव कार्य जारी है। बचाव कार्य में कुल 35 दमकलकर्मी जुटे हुए हैं। सुबह 4 बजकर 23 मिनट पर दमकलकर्मियों को आग लगने की सूचना मिली थी।
आग लगने के बाद आसपास अफरातफरी फैल गई। बताया जा रहा है कि जिस बिल्डिंग में आग लगी है, वह बैट्री बनाने वाली कंपनी है। आग से हुए नुकसान की अभी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। बता दें कि बीते करीब एक महीने में दिल्ली में आग लगने की यह तीसरी बड़ी घटना है। दिल्ली के अनाज मंडी इलाके में तड़के लगी आग में 43 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद किराड़ी में भी ऐसी ही एक घटना में 9 लोगों की मौत हो गई थी।