विशेष संवाददाता
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा सोमवार को निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। पार्टी के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी राधा मोहन सिंह ने जेपी नड्डा को साल 2020-22 के लिए निर्विरोध बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया। नड्डा के खिलाफ किसी ने नामांकन दाखिल नहीं किया था, लिहाजा उनका निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाना पहले से तय माना जा रहा था। नड्डा पार्टी में अमित शाह की जगह लेंगे। नए अध्यक्ष का चुनाव होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ट्वीट कर लिखा कि- मुझे नहीं लगता कि अमित शाह जी ने बतौर भाजपा अध्यक्ष जो कार्य किया उसे शब्दों में बयान किया जा सकता है। उनकी अध्यक्षता में बीजेपी को देश के कई हिस्सों में सेवा करने का अवसर मिला। लोकसभा चुनाव में हमें अब तक सबसे ज्यादा मतदान मिला। वह एक उत्कृष्ट कार्यकर्ता हैं।
बीजेपी में हमेशा से ही अध्यक्ष पद का चुनाव आम सहमति और बिना किसी मुकाबले के हुआ है। ऐसे में बहुत कम संभावना थी कि इस बार भी पार्टी की परंपरा में कुछ बदलाव देखने को मिलेगा। नए अध्यक्ष के चुनाव के साथ ही पार्टी के वर्तमान अध्यक्ष अमित शाह का साढ़े पांच साल से अधिक का कार्यकाल भी समाप्त हो गया। बता दें कि अमित शाह के अध्यक्ष के तौर पर रहा कार्यकाल बीजेपी के लिए चुनावों के लिहाज से सर्वश्रेष्ठ रहा। मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में अमित शाह के गृहमंत्री बनने के बाद भाजपा ने उनका उत्तराधिकारी चुनने की कवायद शुरू कर दी थी, क्योंकि पार्टी में ‘एक व्यक्ति एक पद’ की परंपरा रही है। नड्डा को गत वर्ष जुलाई में कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। यह इस बात का संकेत था कि हिमाचल प्रदेश से भाजपा के नेता संगठन के शीर्ष पद के लिए संभावित पसंद हैं।