एजेंसी
लखनऊ। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 24 और 25 फरवरी को भारत दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वह गुजरात और दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश भी जाएंगे। ट्रंप 24 फरवरी की शाम ताजमहल का दीदार करने के लिए आगरा पहुंचेंगे। आगरा में उनके स्वागत-सत्कार की तैयारी की जा रही हैं। नगर निगम ताजमहल के आसपास की दीवारों का रंग-रोगन कर रहा है, तो मशीनों से ट्रंप के रूट में पड़ने वाली सड़कों को साफ किया जा रहा है। कई कलाकार भी दीवारों की खूबसूरती बढ़ाने में जुटे हुए हैं। सड़क के डिवाइडर्स को फिर से पेंट किया जा रहा है। रास्ते में चौराहों पर लगी मूर्तियों को भी साफ किया जा रहा है। बताया जाता है कि डोनाल्ड ट्रंप कलाकृति ऑडिटोरियम में सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘मोहब्बत-द ताज’ भी देखेंगे।
राष्ट्रपति ट्रंप की सुरक्षा के लिए 5,000 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। अमेरिका की एडवांस सिक्योरिटी टीम जनवरी की शुरुआत में ताजमहल और उसके आसपास के इलाकों का दौरा कर चुकी है। सिक्योरिटी टीम के करीब 40 अधिकारियों ने ताजमहल का दौरा किया। इसके बाद राष्ट्रपति के दौरे की हामी भरने के लिए कुछ और टीमों ने भी ताजमहल के साथ ही आसपास का दौरा किया। वह ताजमहल जाने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति हैं। पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा की 2015 में ताजमहल यात्रा सुरक्षा कारणों के चलते आखिरी समय पर रद्द कर दी गई थी। ताजमहल के 500 मीटर के दायरे में बैटरी से चलने वाले वाहनों को ही अनुमति है। इसी आधार पर ओबामा का दौरा रद्द कर दिया गया।
इस बार अगर ट्रंप के काफिले को ताजमहल तक जाने की अनुमति नहीं दी गई, तो वह पूर्वी गेट से बैटरी से चलने वाले वाहनों से ताजमहल का दीदार करने जाएंगे। अमेरिकी अधिकारियों के एक दल ने सोमवार को स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ताजमहल की सुरक्षा जांच की थी। इसके अलावा अमेरिकी अधिकारियों ने स्थानीय अधिकारियों को ट्रंप की यात्रा के बारे में पूरी जानकारी दी। उत्तर प्रदेश सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हमें 24 और 25 फरवरी को राष्ट्रपति ट्रंप की यात्रा के लिए तैयार रहने को कहा गया है। उम्मीद है कि वह इसी दिन ताजमहल के दीदार को पहुंचेंगे, इससे पहले 24 फरवरी को अहमदाबाद में उनका काफी व्यस्त कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि हमें उनकी यात्रा के अंतिम तय कार्यक्रम का इंतजार है। 18 फरवरी से ताज महोत्सव भी शुरु हो रहा है, जो 27 फरवरी तक चलेगा। ट्रंप की यात्रा के कारण महोत्सव को एक दिन के लिए रोकना पड़ सकता है।