हाईवे पर बरतेंगे लापरवाही तो ड्राइविंग लाइसेंस होगा रद्द
मुंबई। हाईवे पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस अब सख्त हो गई है. दरअसल हाईवे पर लापरवाही से वाहन चलाते समय पकड़े जाने पर पुलिस द्वारा तीन बार चेतावनी दी जाएगी और चौथी बार पकड़े जाने पर वाहन चालक का ड्राइविंग लाइसेंस रद्द हो जायेगा. यह निर्णय गृह मंत्रालय ने लिया है। ज्ञात हो कि मुंबई-पुणे एक्स्प्रेसवे पर इस साल हर महीने औसतन ६ लोगों ने दुर्घटनाओं में जान गंवाई है। इसी तरह मुंबई-कोल्हापुर राष्ट्रीय महामार्ग पर हर महीने औसतन २७ लोगों की मौत हुई। इसलिए इन दुर्घटनाओं को रोकने के लिए इन महामार्गों पर चलने वाले अनियंत्रित वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस अब सख्त हो गई है. बताया गया है कि ओवरलोड, ओवरस्पीड तथा उल्टी दिशा से आनेवाले वाहनों पर पेट्रोलिंग वाहन व मोबाइल कैमरे की पैनी नजर होगी। मुंबई-पुणे एक्स्प्रेसवे और मुंबई-पुणे बंगलोर हाईवे पर कोल्हापुर कागल तक हर ४० किमी के अंतर पर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम नजर रखेगी। मुंबई-पुणे एक्स्प्रेसवे पर लोनावला-खंडाला घाट पर वॉकी-टॉकी व मोबाइल लिए यातायात पुलिस तैनात किए गए हैं। इसके अलावा स्पीड गन तैनात की गई है। ओवरस्पीड और उल्टी दिशा से आने वाले वाहनों की मोबाइल पर शूटिंग की जाएगी। हाईवे पर रफ्तार की मर्यादा तोड़ने वाले वाहन चालकों को टोल नाके पर रोक लिया जाएगा।