
निक्की मर्डर केस: आरोपी पति विपिन का एनकाउंटर, सास हुई गिरफ्तार...
निक्की मर्डर केस: आरोपी पति विपिन का एनकाउंटर, सास हुई गिरफ्तार... जानिए अब तक की पूरी कहानी
ग्रेटर नोएडा से सामने आई एक दर्दनाक घटना ने लोगों को झकझोर दिया। बताया जा रहा है कि 21 अगस्त 2025 की रात सिरसा गांव में 26 साल की निक्की को उसके पति और ससुरालवालों ने कथित तौर पर दहेज विवाद के चलते आग के हवाले कर दिया। निक्की की पिटाई का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमे निक्की का पति और उसकी सास उसे मारती-पिटती नजर आई थी। इस वीडियो में दोनों उसे बुरी तरह से पीट रहे थे। इस पूरे घटना को निक्की की बहन जो उसकी जेठानी भी है, उसने रिकॉर्ड किया। निक्की की बहन द्वारा बनाए गए वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि उसे किस तरह मारा-पीटा जा रहा है। इसके साथ ही निक्की का 6 साल का बेटा भी इस पूरे दर्दनाक हादसे का गवाह है। बता दें कि निक्की मर्डर केस के तीन वीडियो वायरल हुए थे। पहली क्लिप में पति द्वारा निक्की को पीटे जाने के दृश्य हैं। दूसरी क्लिप में निक्की आग की लपटों से घिरी सीढ़ियों से नीचे उतर रही है। इसके अलावा, एक और वीडियो वायरल हुआ जिसमें उसका बेटा कह रहा है कि उसके पापा ने लाइटर से मां को आग के हवाले किया। निक्की के पिता का बयान है कि ससुरालवाले पहले दिन से ही बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। उन्होंने बताया कि इस साजिश की मास्टरमाइंड निक्की की सास है और दोनों आरोपियों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। दोनों पर आरोप है कि निक्की पर पहले ज्वलनशील पदार्थ फेंका गया और फिर उसे आग के हवाले कर दिया गया। पीड़िता का इलाज जारी था, लेकिन 21 अगस्त को उसकी मृत्यु हो गई।
आरोपी पति का एनकाउंटर और सास की गिरफ्तारी
पत्नी को जिंदा जलाने के आरोप में गिरफ्तार किए गए पति विपिन भाटी का पुलिस ने एनकाउंटर और सास दयावती को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी विपिन भाटी कस्टडी से भागने की कोशिश कर रहा था, जब पुलिस उसे मेडिकल जांच के लिए लेकर जा रही थी, तभी विपिन ने भागने और पुलिस का हथियार छीनने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस ने उसे गोली मारी, जो उसके पैर में लगी। गोली लगने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया। निक्की हत्याकांड में गिरफ्तार उसके पति विपिन राठी को कोर्ट ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक, निक्की की सास अस्पताल में भर्ती अपने बेटे को देखने जा रही थी, तभी उसे रास्ते से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। निक्की के पिता ने इस एनकाउंटर पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि "पुलिस ने गोली सिर्फ पैर में क्यों मारी? उसके छाती में गोली मारनी चाहिए थी। उसने मेरी बेटी को बेरहमी से जला दिया और अब पुलिस उसे बचा रही है।" बता दें कि निक्की के पिता ने सभी आरोपियों को फांसी देने और उनके घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की है। मृतका निक्की के परिजनों ने बताया कि 2016 में निक्की की विपिन भाटी से शादी हुई थी। उसकी शादी के बाद से ही उसे 36 लाख रुपए दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था, जबकि निक्की के ससुराल वालों की स्कॉर्पियो गाड़ी और मोटरसाइकिल की मांग पूरी भी कर दी गई थी। परिवार वालो का यह भी कहना है कि विपिन शराब का आदी था और हर दिन घर में लड़ाई-झगड़ा करता था।
आरोपी पति ने दिया अजीबोगरीब बयान
एनकाउंटर के बाद पुलिस हिरासत में विपिन ने कहा कि उसे किसी तरह का पछतावा नहीं है। पुलिस को दिए बयान में उसने कहा कि, 'ना मैंने मारा है, ना कुछ किया है, वह अपने आप मर गई है। मियां-बीवी में इतनी लड़ाई होती रहती है। उसने आगे कहा कि निक्की की मौत उसकी वजह से नहीं बल्कि खुद जल जाने से हुई है। निक्की की बहन ने शिकायत दर्ज करवाते हुए सास दयावती पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि सास दयावती ने निक्की को मारने के लिए विपिन को ज्वलनशील पदार्थ लाकर दिया था। उसने बेटे को निक्की की हत्या करने के लिए उकसाया और उसकी मदद की थी। निक्की की बहन कंचन द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत पर पुलिस ने पति विपिन भाटी, जेठ रोहित भाटी, सास दयावती और ससुर सतवीर पर केस दर्ज किया है। बाकी आरोपियों की तलाश के लिए दो अलग-अलग टीमें तैनात की गई हैं।
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!