Dark Mode
  • Saturday, 06 June 2026
250 गज के प्लॉट के विवाद में गई की जान

250 गज के प्लॉट के विवाद में गई की जान

शालीमार बाग इलाके में 250 गज के एक प्लॉट को लेकर चल रहे पुराने विवाद ने आखिरकार एक और जान ले ली। इसी संपत्ति झगड़े की रंजिश में रचना यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले को सुलझाते हुए दिल्ली पुलिस की ज्वाइंट टीम ने मुख्य साजिशकर्ता समेत तीन आरोपियों को बिहार और हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। नॉर्थ-वेस्ट जिला के डीसीपी भीष्म सिंह ने बताया कि 10 जनवरी की सुबह करीब 11 बजे ईस्ट शालीमार बाग इलाके में 44 वर्षीय रचना यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले के खुलासे के लिए स्पेशल स्टाफ, एएटीएस और शालीमार बाग थाने की संयुक्त टीम गठित की गई। इसके बाद पुलिस ने बिहार के कटिहार जिले में एक जंगल में बनी झोपड़ी से निखिल और मुख्य आरोपी भारत यादव को गिरफ्तार कर लिया। तीसरे आरोपी सुमित को पानीपत, हरियाणा से दबोचा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या के दौरान इस्तेमाल की गई बाइक और कार भी बरामद कर ली है। डीसीपी ने बताया कि भारत यादव को पहले ही बिजेन्द्र यादव हत्याकांड में कोर्ट द्वारा भगोड़ा घोषित किया जा चुका था और उसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम भी रखा गया था। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि इस पूरे विवाद में शामिल अन्य लोगों और संभावित मददगारों की भूमिका का भी पता लगाया जा सके।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!