Dark Mode
  • Monday, 18 August 2025
दुनिया के टॉप-10 अमीरों की लिस्ट से बाहर हो सकते हैं अडानी

दुनिया के टॉप-10 अमीरों की लिस्ट से बाहर हो सकते हैं अडानी

अडानी की संपत्ति 20.8 अरब डॉलर कम होकर हुई 92.7 अरब डॉलर

नई दिल्ली । इस साल गौतम अडानी दुनिया के सबसे बड़े रईस बनने वाले थे। अब टॉप-10 की लिस्ट में बने रहना भी मुश्किल होगा। अमेरिकी इनवेस्टमेंट रिसर्च फर्म और शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद अडानी ग्रुप के स्टॉक्स ऐसे गिरे कि गौतम अडानी को टॉप-10 अरबपतियों की लिस्ट में चौथे नंबर से सातवें पर लाकर पटक दिया। एक ही दिन में अडानी की संपत्ति 20.8 अरब डॉलर कम होकर 92.7 अरब डॉलर रह गई। अगर इस रिपोर्ट की काली छाया अडानी ग्रुप के स्टॉक्स पर सोमवार को भी पड़ी तो गौतम अडानी दुनिया के टॉप-10 अमीरों की लिस्ट से बाहर हो जाएंगे।

ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स में अडानी सातवें नंबर पर हैं। उनके पीछे आठवें स्थान पर लैरी पेज हैं। इनकी संपत्ति 92 अरब डॉलर है। 9वें स्थान पर एलएचओ वॉल्मर हैं। इनकी संपत्ति 88.7 अरब डॉलर है। अगर अडानी ग्रुप के शेयर सोमवार को 5 फीसद से अधिक गिरते हैं तो गौत अडानी की संपत्ति कम होकर 88 अरब डॉलर के आसपास रह जाएगी। ऐसे में वह 10वें स्थान पर आ जाएंगे या टॉप-10 से भी बाहर हो जाएंगे। क्योंकि 10वें नंबर पर काबिज सर्गी ब्रिन की दौलत भी 88.4 अरब डॉलर है।

पिछले साल दुनिया के टॉप-10 अमीरों की लिस्ट में केवल मुकेश अंबानी और गौतम अडानी की दौलत बढ़ी थी। अडानी उस साल कमाई में भी नंबर वन रहे। इस साल मुकेश अंबानी ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के टॉप-10 अरबपतियों की बाहर होकर 13वें स्थान पर आ गए हैं। उनके पास अब केवल 81.3 अरब डॉलर की संपत्ति है।

इस साल दौलत गंवाने के मामले में दुनिया के ये हैं अरबपति
इस साल दौलत गंवाने के मामले में दुनिया के अरबपतियों की लिस्ट में पहले नंबर पर अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी हैं जिन्होंने अब तक 27.9 अरब डॉलर गंवाए हैं। इनके बाद रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन मुकेश अंबानी हैं। अंबानी इस साल अब तक 5.77 अरब डॉलर गंवा चुके हैं। तीसरे नंबर पर डीमार्ट के राधाकृष्ण दमानी हैं। इन्होंने 2.12 अरब डॉलर गंवाया है।

पिछले साल दौलत गंवाने में एलन मस्क टॉप पर थे। इस साल अब तक कमाई में नंबर वन हैं। जितना अडानी ने गंवाया है उससे कुछ अधिक मस्क ने कमाया है। एलन मस्क की संपत्ति 29.9 अरब डॉलर बढ़ चुकी है जबकि अडानी 27.9 अरब डॉलर गंवा चुके हैं। यही नहीं जेफ बेजोस भी इस साल अब तक 27.8 अरब डॉलर का इजाफा अपनी संपत्ति में कर चुके हैं।

 

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!