Dark Mode
  • Saturday, 21 February 2026
भारत जोड़ो यात्रा के श्रीनगर में होने वाले समापन समारोह में शामिल नहीं होगी जेडीयू

भारत जोड़ो यात्रा के श्रीनगर में होने वाले समापन समारोह में शामिल नहीं होगी जेडीयू

पटना। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के समापन समारोह में जदयू शामिल नहीं होगी। भारत जोड़ो यात्रा का श्रीनगर में समापन होगा समापन कार्यक्रम में सभी विपक्षी दलों को बुलाया गया है। नीतीश कुमार खुद बिहार में समाधान यात्रा निकाल रहे हैं लेकिन उन्होंने राहुल गांधी की यात्रा से किनारा कर लिया है। जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ऊर्फ ललन सिंह ने गुरुवार को बताया कि जेडीयू भारत जोड़ो यात्रा के समापन में शामिल नहीं होगी।

उन्होंने इसके लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखा है। पत्र में राजीव रंजन सिंह ने कहा कि नागालैंड विधानसभा चुनाव की तैयारी में व्यस्त रहने के कारण वे समापन समारोह में शामिल नहीं होंगे। जदयू नागालैंड विधानसभा चुनाव में सक्रियता से लड़ रहा है। यात्रा का समापन 30 जनवरी को श्रीनगर में हो रहा है। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस बिहार की नीतीश कुमार की अगुवाई वाली सरकार में शामिल है। राजीव रंजन सिंह ने कहा कि विपक्षी दलों की एकता आज की जरूरत है। हमारी पार्टी समझती है कि कांग्रेस इस दिशा में जरूरी कदम उठाएगी।

उन्होंने कहा कि इसमें कोई दो राय नहीं कि लोकतांत्रिक मूल्य क्षीण हो रहे हैं। संवैधानिक संस्थाओं को दबाया जा रहा है। वहीं राजीव रंजन ने भारत जोड़ो यात्रा को ऐतिहासिक बताते हुए इसकी सफलता की कामना की है। वैसे जेडीयू शुरू से ही भारत जोड़ो यात्रा से दूरी बना कर चल रही है। पिछले दिनों मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जब कभी इस यात्रा के बारे में पूछा गया उन्होंने इसकी सराहना तो की लेकिन इसमें स्वयं के शामिल होने का प्रश्न टाल दिया।

उल्लेखनीय है कि जेडीयू ने नीतीश कुमार को पीएम उम्मीदवार बताया था। बता दें कि राहुल गांधी की यात्रा जम्मू और कश्मीर में है। 26 जनवरी को बारिश और भूस्खलन की वजह से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा रोक दी गई थी। यात्रा 27 जनवरी को सुबह 8 बजे से फिर से यात्रा शुरू हुई।

 

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!