Dark Mode
  • Thursday, 09 April 2026
जडेजा ने दूसरे टेस्ट के लिए अभ्यास किया , अय्यर का खेलना संदिग्ध

जडेजा ने दूसरे टेस्ट के लिए अभ्यास किया , अय्यर का खेलना संदिग्ध

नई दिल्ली । टीम इंडिया के ऑलरराउंडर रविन्द्र जडेजा ने शुक्रवार से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फिरोजशाह कोटला स्टेडियम में होने जा रहे दूसरे क्रिकेट टेस्ट मैच के लिए अभ्यास किया है। जडेजा वैकल्पिक ट्रेनिंग सत्र के लिए जामथा के वीसीए स्टेडियम में नेट में दिखे। जडेजा के साथ अनुभवी बल्लेबाज सीनियर बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा भी थे। पुजारा फिरोजशाह कोटला में अपना 100वां टेस्ट मैच खेलेंगे।

वहीं पीठ की चोट के कारण पहले टेस्ट से बाहर रहे स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर अब भी राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में ‘रिहैब प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। जिससे टीम प्रबंधन उन्हें दूसरे टेस्ट मैच में शायद ही उतारे। अय्यर ने बेंगलुरू में एनसीए में ‘रिहैबिलिटेशन कार्यक्रम के कुछ वीडियो पोस्ट किये थे जिसमें वह ट्रेनर एस रजनीकांत के साथ नजर आये।

अय्यर ‘स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग ट्रेनिंग कर रहे हैं हालांकि राष्ट्रीय टीम के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वापसी के मानदंड के अनुसार उन्हें कम से कम एक घरेलू मैच खेलना जरूरी होगा। इसलिए अय्यर को सीधे टेस्ट मैच में नहीं उतारा जा सकता है क्योंकि इसमें उन्हें 90 ओवरों के लिए क्षेत्ररक्षण करना होगा और लंबे समय तक बल्लेबाजी करनी पड़ सकती है। यह देखना होगा कि चयन समिति एक से पांच मार्च तक मध्य प्रदेश के खिलाफ होने वाले ईरानी कप मैच के लिए अय्यर को फिटनेस साबित करने के लिये शेष भारत टीम में शामिल करती है या नहीं।

चयन समिति ने रविंद्र जडेजा को फिटनेस साबित करने के लिये रणजी ट्राफी मैच खेलने के लिए कहा था। वहीं मुख्य तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की ‘स्ट्रेस फ्रैक्चर से उबरने की प्रक्रिया काफी धीमी रही है जिससे भारतीय टीम प्रबंधन चार मैचों की टेस्ट श्रृंखला के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले तीन एकदिवसीय में उन्हें शायद ही शामिल करे। इसलिए पूरी संभावना है कि बुमराह इस साल इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस के लिए वापसी करेंगे जहां उनके कार्यभार पर नजर रखी जाएगी।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!