Dark Mode
  • Tuesday, 19 August 2025
राज कपूर का चेंबूर वाला बंगला बिका, आरके स्टूडियो पहले ही बिक चुका

राज कपूर का चेंबूर वाला बंगला बिका, आरके स्टूडियो पहले ही बिक चुका

नई दिल्ली । फिल्म नगरी में शोमैन के नाम से मशहूर रहे दिवंगत राज कपूर की एक ऐतिहासिक प्रॉपर्टी चेंबूर वाला बंगला बिक गया है। आरके स्टूडियो पहले ही बिक चुका है। इसे भी गोदरेज प्रॉपर्टीज लिमिटेड ने खरीदा है। कंपनी इस पर एक रियल एस्टेट प्रोजेक्ट डेवलप करेगी। राज कपूर का यह बंगला देवनार फार्म रोड पर टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज के बगल में है। बंगला कितने बिका इसका खुलासा नहीं किया गया है।

इसे चेंबूर का सबसे महंगा इलाका माना जाता है। कंपनी का कहना है कि इस बंगले को राज कपूर के परिवार वालों से खरीदा गया है और उस पर एक प्रीमियम रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट बनाया जाएगा। इससे पहले गोदरेज प्रॉपर्टीज ने मई 2019 में राज कपूर के आरके स्टूडियो को खरीदा था। वहां भी मिक्स्ड यूज प्रोजेक्ट डेवलप किया जा रहा है। इसके इसी साल पूरा होने की उम्मीद है।

गोदरेज प्रॉपर्टीज के एमडी और सीईओ गौरव पांडेय ने कहा कि राज कपूर का आइकनिक प्रोजेक्ट अब हमारे पोर्टफोलियो का हिस्सा है। हमें खुशी है कि कपूर परिवार ने हमें यह मौका दिया। पिछले कुछ साल में प्रीमियम डेवलपमेंट्स की डिमांड में तेजी आई है।

इस प्रोजेक्ट से हमें चेंबूर में अपनी स्थिति और मजबूत करने में मदद मिलेगी। इस पर एक शानदार रेजिडेंशियल कम्युनिटी विकसित की जाएगी। दिवंगत राज कपूर के पुत्र रणधीर कपूर ने कहा कि इस प्रॉपर्टी से हमारी कई यादें जुड़ी हैं और इसका हमारे परिवार के लिए काफी महत्व है। हमें उम्मीद है कि कंपनी इसकी समृद्ध विरासत को अगले फेज में ले जाएगी।

इससे पहले राज कपूर की यादों से जुड़ा 70 साल पुराना आरके स्टूडियो को भी मई 2019 में गोदरेज प्रॉपर्टीज ने खरीदा था। मुंबई के चेंबूर इलाके में 2.2 एकड़ में फैले आरके स्टूडियो का मालिकाना हक रणधीर कपूर, ऋषि कपूर और राजीव कपूर के पास था। आरके स्टूडियो में 33 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में मॉडर्न रेजिडेंशियल अपार्टमेंट और लग्जरी रिटेल स्पेस डेवलप किया जा रहा है।

गोदरेज प्रॉपर्टीज गोदरेज ग्रुप की सहायक कंपनी है। राज कपूर ने 1948 में आरके स्टूडियो की स्थापना की थी। होली और गणेशोत्सव के मौके पर इसमें होने वाले आयोजन बॉलीवुड में खासे लोकप्रिय थे। साल 2017 में आग लगने से आरके स्टूडियो का बड़ा हिस्सा जल गया था। इसके बाद कपूर खानदान ने इसे बेचने का फैसला किया।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!