Dark Mode
  • Monday, 09 November 2026
सत्पुरुष कभी नहीं होते न्याय के मार्ग से विचलित

सत्पुरुष कभी नहीं होते न्याय के मार्ग से विचलित

प्रधानमंत्री मोदी ने समानता, निष्पक्षता और स्वार्थ-क्रोध से मुक्त आचरण का दिया संदेश

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक संस्कृत श्लोक साझा करते हुए समानता, निष्पक्षता और न्याय के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने श्लोक के माध्यम से कहा कि जो व्यक्ति सभी प्राणियों को समान दृष्टि से देखते हैं, व्यक्तिगत स्वार्थ और क्रोध से मुक्त रहते हैं तथा न्याय के मार्ग को कभी नहीं छोड़ते, वही वास्तव में सत्पुरुष कहलाते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी पोस्ट में लिखा, “समाः सर्वेषु भूतेषु कामक्रोधविवर्जिताः। न्यायमार्गं न मुञ्चन्ति ते वै सत्पुरुषाः स्मृताः।” इसका भावार्थ है कि जो सभी प्राणियों के प्रति समान भाव रखते हैं, कामना और क्रोध से मुक्त रहते हैं तथा न्याय के मार्ग से विचलित नहीं होते, उन्हें ही सत्पुरुष माना जाता है। प्रधानमंत्री की इस पोस्ट को समानता, निष्पक्षता और न्यायपूर्ण आचरण के महत्व के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी की यह पोस्ट दीपावली के एक दिन बाद सोमवार को सामने आई। रविवार को उन्होंने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात कर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दी थीं। राष्ट्रपति भवन ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से प्रधानमंत्री की मुलाकात की जानकारी साझा की थी। इससे पहले उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने राष्ट्रपति मुर्मु से मुलाकात कर उन्हें दीपावली की बधाई दी थी।
राष्ट्रपति मुर्मु ने दीपावली के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सभी के अच्छे स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि की कामना की थी। उन्होंने उम्मीद जताई थी कि भारतीय मूल्यों से प्रेरित देश के युवा ‘विकसित भारत’ के निर्माण में पूरे उत्साह के साथ योगदान देंगे।
वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को वीडियो संदेश के माध्यम से देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी थीं। उन्होंने सभी के जीवन में शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने छत्तीसगढ़ के बस्तर में सुरक्षाकर्मियों के साथ दीपावली मनाई। इस दौरान उन्होंने कहा था कि माओवादी आतंक और नक्सली खतरे का खत्म होना सही नीतियों और मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति की जीत है। प्रधानमंत्री ने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उनके परिवार से भी मुलाकात कर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दी थीं।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!