Dark Mode
  • Tuesday, 07 April 2026
राजधानी दिल्ली में बारिश के आसार

राजधानी दिल्ली में बारिश के आसार

पहाड़ी इलाकों में हो सकती है भारी बर्फबारी
कई जगहों पर गिर सकते हैं ओले


नई दिल्ली । दिल्ली सहित देश के उत्तर-पश्चिम के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में भारी बर्फबारी होने की उम्मीद है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक 24 से 26 जनवरी के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में भारी बारिश और बर्फबारी होने के साथ ही उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में बारिश होने की संभावना है।

आईएमडी के मुताबिक एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान और उसके पड़ोस के निचले और मध्य क्षोभमंडल स्तरों पर एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में मौजूद है। इसके साथ ही एक चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और आस-पास बना हुआ है। आईएमडी ने कहा कि सोमवार को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

इसके बाद 24 और 26 जनवरी के बीच बारिश और बर्फबारी होने की बहुत अधिक संभावना है। 24 और 25 को जम्मू-कश्मीर लद्दाख हिमाचल प्रदेश और 25 और 26 जनवरी को उत्तराखंड में बहुत बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान है जबकि 23 जनवरी को पंजाब हरियाणा चंडीगढ़ दिल्ली और उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके बाद मंगलवार और गुरुवार के बीच इन जगहों पर गरज के साथ हल्की बारिश होने की उम्मीद है।

आईएमडी के मुताबिक अगले 3-4 दिनों के भीतर जम्मू-कश्मीर लद्दाख हिमाचल प्रदेश पश्चिमी उत्तर प्रदेश उत्तराखंड पंजाब हरियाणा और चंडीगढ़ में कई जगहों पर छिटपुट ढंग से ओले के भी गिरने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आईएमडी ने कहा कि इसी दौरान उत्तरी राजस्थान और मध्य प्रदेश में हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।

27 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। आईएमडी के अनुसार अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा। अगले 24 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश और बिहार और अगले 48 घंटों के दौरान ओडिशा में रात और सुबह के समय घने कोहरे का अनुमान है।

 

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!