Dark Mode
  • Tuesday, 19 August 2025
दिल्ली मेयर चुनाव:भाजपा नेताओं ने जय श्रीराम के नारे लगाए; चुनाव अधिकारियों के सामने पुलिस की दीवार

दिल्ली मेयर चुनाव:भाजपा नेताओं ने जय श्रीराम के नारे लगाए; चुनाव अधिकारियों के सामने पुलिस की दीवार

नई दिल्ली। दिल्ली के मेयर, डिप्टी मेयर और स्थायी समिति के सदस्यों के चुनावों की प्रक्रिया MCD के सिविक सेंटर में शुरू हो गई है। सबसे पहले 10 मनोनीत सदस्यों को शपथ दिलाई गई। AAP नेताओं ने इसका विरोध किया और नारेबाजी की। उधर भाजपा नेता ने भी जय श्रीराम और भारत माता की जय के नारे लगाए। इस बीच, भाजपा सांसद हंसराज हंस ने दावा किया कि मेयर भाजपा का ही होगा।

AAP ने महापौर पद के लिए शैली ओबेरॉय और भाजपा ने रेखा गुप्ता को मैदान में उतारा है। ऐसे में राजधानी को एक महिला मेयर मिलना तय है। MCD चुनाव के बाद सदन की पहली बैठक 6 जनवरी को हुई थी, लेकिन हंगामे के कारण मेयर का चुनाव नहीं हो पाया था। आज फिर वैसे ही हालात बनते नजर आ रहे हैं।

  • आप नेता मुकेश गोयल ने कहा कि संवैधानिक तरीका यह है कि पहले चुनाव जीतकर आए पार्षदों को शपथ दिलाई जाए, बाद में मनोनीत पार्षदों को। लेकिन ऐसा होता नहीं दिख रहा है।
  • भाजपा नेता शिखा राय ने कहा है कि सदन की कार्यवाही जहां छोड़ी गई थी वहीं से शुरू होगी।
  • सदन में सबसे पहले मनोनीत पार्षद विनोद फिर लक्ष्मण ने शपथ ली। इसके बाद मुकेश मान, सुनील चौहान, राजकुमार भाटिया, संजय त्यागी को शपथ दिलाई गई। मनोज कुमार जैन, रोहताश कुमार, श्वेता कमल खत्री के बाद वार्ड संख्या एक से चुनाव जीतकर आए पार्षदों का शपथ ग्रहण शुरू हुआ।
  • आप नेता सौरव भारद्वाज ने कहा, 'भाजपा आज नगर निगम में कब्जा करने के लिए लाठी डंडों के साथ फोर्स लाई है। क्या किसी सदन में ये देखा है ? क्या BJP डरा-धमका कर जबरदस्ती MCD पर कब्जा करना चाहती है।' वहीं, संजय सिंह ने कहा कि MCD में BJP का 'डंडा लोकतंत्र' चलने नही देंगे।

डीएमसी अधिनियम, 1957 (2022 में संशोधित) के अनुसार, नामांकित पार्षद और सदस्य शपथ ले रहे हैं। दरअसल, दिल्ली में मेयर पद के चुनाव रोटेशन के आधार पर 5 सिंगल ईयर की शर्तों पर होते हैं। पहला साल महिलाओं के लिए आरक्षित होता है। दूसरा ओपन कैटेगरी के लिए, तीसरा साल आरक्षित वर्ग के लिए और बचे हुए दो साल फिर से ओपन कैटेगरी के लिए आरक्षित होते हैं। इस तरह दिल्ली को इस साल एक महिला मेयर मिलेगी।

बहुमत AAP के पास
डिप्टी मेयर के लिए आप के उम्मीदवार आले मोहम्मद इकबाल उम्मीदवार हैं। आले मोहम्मद मटिया महल से विधायक शोएब इकबाल के बेटे हैं। मेयर के चुनाव में 273 मेंबर्स वोट डालेंगे। बहुमत के लिए 133 का आंकड़ा चाहिए। AAP के पास 134 पार्षद हैं। इसके अलावा 3 राज्यसभा सांसद भी हैं। इस चुनाव में 250 पार्षदों के साथ 10 सांसद (7 लोकसभा सांसद और 3 राज्यसभा सांसद), 13 विधानसभा सदस्य वोट डालेंगे।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!