Dark Mode
  • Saturday, 21 February 2026
नशे की लत पड़ी भारी, छह दोपहिया समेत पकड़ा गया

नशे की लत पड़ी भारी, छह दोपहिया समेत पकड़ा गया

उत्तर-पश्चिमी दिल्ली में वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के प्रयासों के बीच पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। उत्तर पश्चिम जिला पुलिस ने एक ऐसे शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है, जो नशे की लत पूरी करने के लिए लगातार वारदातों को अंजाम देता था। आरोपी की पहचान राजा उर्फ बिहारी, निवासी वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र, के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से छह चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। उत्तर पश्चिम जिला के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पर पहले से हत्या, झपटमारी और चोरी के कुल 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह अशोक विहार थाने का घोषित बदमाश भी है। पुलिस के अनुसार, राजा वारदात को अंजाम देने से पहले दोपहिया वाहन चोरी करता था और बाद में उन्हें औने-पौने दामों में बेच देता था, ताकि नशे के लिए पैसे जुटा सके। जिले की वाहन चोरी निरोधक शाखा लगातार सक्रिय अपराधियों पर नजर रखे हुए थी। इसी क्रम में 16 फरवरी को शाखा प्रभारी रवि सैनी को सूचना मिली कि एक संदिग्ध बदमाश प्रेम बाड़ी फ्लाईओवर के पास आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की और राजा को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह चोरी के लिए ऐसे स्थानों की तलाश करता था जहां निगरानी कम हो और वाहन आसानी से ले जाए जा सकें। उसके पास से बरामद एक स्कूटी मॉडल टाउन थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। आगे की पूछताछ और निशानदेही पर पुलिस ने आदर्श नगर, मॉडल टाउन, सुभाष प्लेस और समयपुर बादली थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए पांच अन्य दोपहिया वाहन भी बरामद कर लिए। पुलिस अब आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी के वाहनों को किन-किन लोगों को बेचा गया।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!