Dark Mode
  • Thursday, 07 May 2026
मीरजापुर में महिला पत्रकार को बांधकर झाड़ी में फेंका

मीरजापुर में महिला पत्रकार को बांधकर झाड़ी में फेंका

उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसने इलाके में डर और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। राजगढ़ थाना क्षेत्र के गरेरी-करौंदा मार्ग पर स्थित पुलिया के पास एक महिला को गंभीर हालत में झाड़ियों में पड़ा पाया गया। बाद में उसकी पहचान यूट्यूबर और पत्रकार सरिता सिंह के रूप में हुई। यह घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है। बारात से लौट रहे कुछ लोगों ने झाड़ियों में संदिग्ध हालत में महिला को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। परिजनों के अनुसार, सरिता सिंह 30 तारीख को घर से बिल्डिंग मटेरियल खरीदने के लिए निकली थीं, लेकिन उसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला। कई दिनों तक लापता रहने के बाद इस हालत में उनका मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि किसी संवेदनशील मामले की जानकारी या रिपोर्टिंग के चलते उनके साथ यह अमानवीय कृत्य किया गया हो सकता है। महिला के हाथ-पैर बंधे होने और शरीर पर ज्वलनशील पदार्थ डालने के संकेत इस घटना को और गंभीर बनाते हैं।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है। यह घटना कानून-व्यवस्था और पत्रकारों की सुरक्षा पर गंभीर चिंता खड़ी करती है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!