Dark Mode
  • Sunday, 08 September 2024
सोशल मीडिया पर कन्हैया ने तोड़े सारे रिकॉर्ड

सोशल मीडिया पर कन्हैया ने तोड़े सारे रिकॉर्ड

नई दिल्ली। दिल्ली में लोकसभा चुनाव के प्रत्याशी सोशल मीडिया पर एक-दूसरे को टक्कर दे रहे हैं। उम्मीदवार घोषित होने के बाद से सभी प्रत्याशियों के फालोअर्स की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। कांग्रेस की ओर से राजधानी में पिछले रविवार उम्मीदवारों की घोषणा किये जाने के बाद सोशल मीडिया पर सारे रिकॉर्ड टूटते नजर आए। 7 दिनों में एक्स पर कन्हैया कुमार के 8734 फॉलोअर्स बढ़े हैं। वहीं उनके फॉलोअर्स की संख्या इस वक्त 42 लाख है। लगभग 9 लाख वाले इंस्टा अकाउंट पर 500 फॉलोअर्स औसतन रोज बढ़ रहे हैं। इसमें सबसे आगे उत्तर-पूर्वी दिल्ली से कांग्रेस प्रत्याशी कन्हैया कुमार व भाजपा प्रत्याशी मनोज तिवारी और नई दिल्ली से भाजपा प्रत्याशी बांसुरी स्वराज हैं।

उम्मीदवार घोषित होने के बाद एक्स पर रोजाना औसत 2000 फालोअर्स कन्हैया कुमार के बढ़े हैं। वहीं इसी मंच पर एक महीने में मनोज तिवारी और बांसुरी स्वराज के फॉलोअर्स की संख्या हर दिन औसतन 224 व 121 बढ़ी है। सियासी घमासान में कोई नेता शिखर पर है तो कोई लोगों का सोशल मीडिया वाला पसंदीदा नेता बना। आलम यह है कि उम्मीदवार बनने के बाद हजारों की तादाद में इन्हें फॉलो किया जा रहा है। नई दिल्ली सीट पर भाजपा की ओर से टिकट मिलने के बाद से बांसुरी स्वराज के अकाउंट पर तो फॉलोअर्स की बाढ़-सी आ गई है। एक्स पर अकेले मार्च महीने में ही उनके 18 हजार फॉलोअर्स बढ़े। वहीं इसी साल फरवरी में बना उनका नया इंस्टाग्राम अकाउंट एक लाख फॉलोअर्स पार करने वाला है। अभी उनके एक्स व इंस्टा हैंडल पर 1.7 लाख व 97 हजार फॉलोअर्स हैं। लगभग रोजाना 121 नए यूजर के साथ संख्या तेजी से बढ़ रही है। मनोज तिवारी भी इस होड़ में पीछे नहीं हैं। एक्स पर उनके फॉलोअर्स की संख्या 18 लाख है। टिकट मिलने के बाद मनोज के फॉलोअर्स बढ़ने की रफ्तार तेज है। मार्च में 7 हजार से अधिक लोग उनसे जुड़े हैं। वहीं बीते 30 दिनों में इनके फालोअर्स की संख्या में 6,737 का इजाफा हुआ है।

आंकड़ों के अनुसार लोकसभा चुनाव का टिकट मिलने के बाद बांसुरी स्वराज ने सबसे अधिक पोस्ट किए। बीते 7 दिन में वह एक्स पर 821 पोस्ट कर चुकी हैं। उन्हें इस अवधि में दस लाख से अधिक रीच मिली है और साढ़े 3 हजार से अधिक लोगों ने फॉलो किया है। आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार को सबसे कम ट्वीट करने पर मात्र 6 फॉलोअर्स रोजाना के दर पर 203 फॉलोअर्स मिले हैं। पश्चिमी दिल्ली से भाजपा के उम्मीदवार कमलजीत सहरावत को टिकट मिलने के बाद बचे हुए अन्य उम्मीदवारों से अधिक फॉलोअर्स मिले। उनसे पिछले 30 दिनों में 2 हजार से अधिक लोगों ने जुड़ना पसंद किया। उनके पोस्ट पर लाइक कमेंट व शेयर किया। कमलजीत से रोजाना 70-80 नए लोग जुड़ रहे हैं। आप के नई दिल्ली प्रत्याशी सोमनाथ भारती के फॉलोअर्स की संख्या 2 लाख के करीब है उनके पिछले एक माह में केवल 600 फॉलोअर्स बढ़े हैं। उनसे हर दिन औसतन बीस लोग जुड़ रहे हैं। पश्चिमी दिल्ली से महाबल मिश्रा, पूर्वी दिल्ली से कुलदीप कुमार और दक्षिणी दिल्ली से सहीराम का आंकड़ा भी कमोवेश एक सा है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!