
राष्ट्रपति मुर्मू, पीएम मोदी ने देशवासियों को दी महर्षि वाल्मीकि जयंती की शुभकामनाएं
नई दिल्ली,। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महर्षि वाल्मीकि जयंती पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ दी हैं। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि के पवित्र और आदर्श विचारों का प्राचीन काल से ही भारतीय समाज और परिवारों पर गहरा प्रभाव रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि सामाजिक समरसता पर आधारित महर्षि वाल्मीकि का वैचारिक प्रकाश स्तंभ सदैव नागरिकों के जीवन को आलोकित करता रहेगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत अन्य नेताओं ने मंगलवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, सभी को महर्षि वाल्मीकि जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने वाल्मीकि जयंती के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में, उपराष्ट्रपति ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि आदिकवि और महाकाव्य रामायण के रचयिता थे, जो भगवान श्री राम के जीवन और आदर्शों को अमर बनाता है। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि की सत्य, सदाचार और करुणा की शाश्वत शिक्षाएं मानवता को प्रेरित करती हैं और सभी को धर्म के मार्ग पर अग्रसर करती हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आदिकवि महर्षि वाल्मीकि की जयंती पर देशवासियों को बधाई दी। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में अमित शाह ने कहा कि भगवान श्री राम के जीवन दर्शन को ‘रामायण’ में समाहित करके, महर्षि वाल्मीकि ने सभी वर्गों के लोगों को मानवता, मर्यादा और धर्म का संदेश दिया। अमित शाह ने कहा कि यह पवित्र ग्रंथ ‘रामायण’ अनंत काल तक मानव समाज को जीवन की हर परिस्थिति में मार्गदर्शन करता रहेगा।
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा, समूची मानवता को ‘रघुकुलनंदन प्रभु श्री राम के आदर्श चरित्र से परिचय कराने वाले आदिकवि, महाग्रंथ रामायण के रचनाकार, त्रिकालदर्शी महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती पर उन्हें सादर नमन।
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!