Dark Mode
  • Saturday, 21 February 2026
रोहित शर्मा पहली बार बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में कप्तानी करने को तैयार

रोहित शर्मा पहली बार बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में कप्तानी करने को तैयार

अब तक एमएस धोनी का बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी पर रहा राज


नई दिल्ली । रोहित शर्मा पहली बार बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में कप्तानी करने को तैयार हैं। पिछले साल उन्हें भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी मिली। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 4 मैचों की टेस्ट सीरीज 9 फरवरी से शुरू हो रही है। पहला मैच नागपुर में खेला जाना है। यह सीरीज टीम इंडिया के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

भारतीय टीम यदि इसमें हार जाती है, तो वह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल से बाहर हो जाएगी। अभी टीम टेबल में दूसरे नंबर पर है। दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया की टीम बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टेबल में टॉप पर बनी हुई है। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के रिकॉर्ड को देखें, तो यहां भी एमएस धोनी ने सबसे अधिक मैच में कप्तानी करने के अलावा सबसे अधिक मैच भी जीते हैं।

धोनी ने 13 टेस्ट में कप्तानी की। 8 में जीत दर्ज की जबकि 4 में हार मिली। एक टेस्ट ड्रॉ रहा. अन्य कोई कप्तान 5 से अधिक टेस्ट नहीं जीत सका है। ऑस्ट्रेलिया के माइकल क्लार्क और स्टीव वॉ जीत के मामले में संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर हैं। दोनों ने बतौर कप्तान 5-5 टेस्ट में जीत हासिल की है. क्लार्क ने जहां 8 तो वॉ ने 10 टेस्ट में ऑस्ट्रेलियाई टीम की अगुआई की।

पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली, सौरव गांगुली और अंजिक्य रहाणे तीनों संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर हैं और 3-3 टेस्ट जीते हैं. कोहली ने 10 में से 3, गांगुली ने 9 में से 3 जबकि रहाणे ने 4 में से 3 टेस्ट जीते हैं। मोहम्मद अजहरुद्दीन ने बतौर कप्तान 2 टेस्ट जीते हैं। मौजूदा सीरीज में रोहित शर्मा और पैट कमिंस के पास अपनी-अपनी टीम की कमान है। दोनों ही खिलाड़ी पहली बार बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में कप्तानी करते हुए दिखेंगे।

भारत की ओर से बतौर कप्तान अनिल कुंबले और सचिन तेंदुलकर ने भी एक-एक टेस्ट मैच जीते हैं। रोहित शर्मा के ओवरऑल टेस्ट के रिकॉर्ड को देखें तो उन्होंने 2 मैच में कप्तानी की है और दोनों में जीत हासिल की है। वहीं पैट कमिंस बतौर कप्तान 13 में से 8 टेस्ट जीते हैं। एक में हार मिली है, जबकि 4 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!