Dark Mode
  • Tuesday, 19 August 2025
दिल्ली सहित कुछ राज्यों में भीषण शीतलहर से 2 दिन बाद राहत मिलने की उम्मीद

दिल्ली सहित कुछ राज्यों में भीषण शीतलहर से 2 दिन बाद राहत मिलने की उम्मीद

जम्मू-कश्मीर हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड में 18 से 20 जनवरी के बीच बारिश और बर्फबारी के आसार


नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली सहित कुछ राज्यों में भीषण शीतलहर से 2 दिन बाद राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं जम्मू-कश्मीर हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड में 18 से 20 जनवरी के बीच बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। उत्तर और उत्तर पश्चिम भारत पिछले कुछ हफ्तों से भीषण शीत लहर से कांप रहा है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक 18 जनवरी और 20 जनवरी को दो पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर पश्चिम भारत में शीत लहर की स्थिति 19 जनवरी से खत्म होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण 18 से 20 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ 18 जनवरी की रात से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इसके कारण जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगिट-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 18 से 20 जनवरी के दौरान हल्की से मध्यम तक छिटपुट बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। इस बीच दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 20 से 24 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी ला सकता है। 20 से 22 जनवरी के बीच उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में भी बारिश की भविष्यवाणी की गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 17 जनवरी की सुबह तक उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में लगभग दो डिग्री सेल्सियस की और गिरावट आने की संभावना है। हालांकि 18 जनवरी तक कोई महत्वपूर्ण बदलाव की भविष्यवाणी नहीं की गई है। इसके बाद इस इलाके में 19 से 21 जनवरी के बीच तापमान के चार से छह डिग्री सेल्सियस बढ़ने की उम्मीद है जबकि 18 जनवरी तक पूर्वी भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है और उसके बाद कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा। बुधवार के बाद गुजरात में भी तापमान दो से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की उम्मीद है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!