Dark Mode
  • Tuesday, 15 July 2025
वंदे भारत ने जीता जापानियों का दिल, ओसाका एक्सपो में भारतीय रेल की धूम

वंदे भारत ने जीता जापानियों का दिल, ओसाका एक्सपो में भारतीय रेल की धूम

नई दिल्ली: वर्ल्ड एक्सपो 2025 में भारतीय रेल की आधुनिक तकनीक और इंजीनियरिंग कौशल ने जापानियों का दिल जीत लिया है। जापान के ओसाका शहर में आयोजित इस वैश्विक आयोजन में इंडिया पवेलियन सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, जहां न केवल प्रवासी भारतीयों बल्कि स्थानीय जापानी नागरिकों की भी भारी भीड़ उमड़ रही है।

वंदे भारत एक्सप्रेस की सेमी हाई-स्पीड क्षमताएं, एयरोडायनॉमिक डिजाइन और इनबिल्ट सुरक्षा फीचर्स ने जापान जैसे तकनीकी देश के दर्शकों को भी हैरान कर दिया है। कई जापानी आगंतुकों को यह जानकर अचरज हो रहा है कि भारत में अब इतनी उन्नत, तेज और आरामदायक ट्रेनें सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं।

दूसरी ओर, चिनाब ब्रिज — जो दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज है — भारतीय इंजीनियरिंग के उत्कृष्ट प्रदर्शन के रूप में उभरा है। हिमालय की दुर्गम घाटियों में निर्मित यह पुल न केवल तकनीकी चमत्कार है, बल्कि यह भारत के उत्तरी क्षेत्रों में कनेक्टिविटी और सुरक्षा दोनों दृष्टियों से अत्यंत महत्वपूर्ण है। जापानी दर्शक, विशेषकर इंजीनियरिंग और आर्किटेक्चर से जुड़े छात्र, चिनाब ब्रिज के 3D मॉडल और इंटरैक्टिव डिस्प्ले को ध्यानपूर्वक देख रहे हैं और इसके निर्माण से जुड़ी तकनीकी बारीकियों में गहरी रुचि दिखा रहे हैं।

वंदे भारत और चिनाब ब्रिज आज बदलते भारत की नई पहचान बन चुके हैं। बीते दशक में भारतीय रेल ने वंदे भारत जैसी अत्याधुनिक ट्रेनों के जरिए देश में रेल यात्रा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। आज देशभर में लगभग 140 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन हो रहा है, जिन्हें यात्रियों — विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों, विद्यार्थियों और महिलाओं — के बीच अत्यधिक सराहना मिली है।

इन ट्रेनों में वातानुकूलित कोच, स्वचालित दरवाजे, बायो टॉयलेट्स, जीपीएस सूचना प्रणाली, ऑनबोर्ड कैटरिंग, वाई-फाई और सीसीटीवी जैसी विश्व स्तरीय सुविधाएं हैं, जो रेल यात्रा को प्रीमियम और आरामदायक अनुभव में बदल देती हैं।

विश्व एक्सपो 2025, जो 13 अप्रैल से 13 अक्टूबर तक आयोजित हो रहा है, भारत के लिए अपनी वैश्विक उपलब्धियों, तकनीकी नवाचारों और विकास गाथा को दुनिया के समक्ष प्रस्तुत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। जापान में इंडिया पवेलियन की बढ़ती लोकप्रियता यह दर्शाती है कि दुनिया भारत की तरक्की को सम्मान और उम्मीद की नजरों से देख रही है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!