Dark Mode
  • Tuesday, 19 August 2025
AAP कार्यालय के बाहर भाजपा नेताओं का प्रदर्शन, कहा- मेयर मिलने तक जारी रहेगा संघर्ष

AAP कार्यालय के बाहर भाजपा नेताओं का प्रदर्शन, कहा- मेयर मिलने तक जारी रहेगा संघर्ष

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) पर मेयर चुनाव में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए भाजपा नेताओं ने आज मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। आप कार्यालय के बाहर प्रदर्शन में प्रदेश भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि मेयर मिलने तक यह संघर्ष चलता रहेगा।

उन्होंने आप पार्षदों पर नगर निगम के सदन में हंगामा व नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। कहा, दिल्ली को मेयर मिलना चाहिए और इसके लिए आप के पार्षदों को मर्यादा में रहना होगा। यदि नहीं रहेंगे तो भाजपा को मर्यादा में रखने के दूसरे तरीके आते हैं।

AAP ने पैसे लेकर दिए थे टिकट- भाजपा
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि आप पार्षदों ने भाजपा की महिला पार्षदों पर हमला किया है। उन्हें कानून की मार पड़ेगी। भाजपा उम्मीदवार रेखा गुप्ता मेयर बनेंगी। अन्य पदों पर भी भाजपा उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित है। दक्षिणी दिल्ली के सांसद रमेश बिधूड़ी ने कहा कि आप ने पैसे लेकर टिकट दिए थे। अब पार्षद पैसे मांग रहे हैं। पार्टी टूट न जाए इसलिए आप नेतृत्व मेयर का चुनाव नहीं होने दे रहा है। यदि मनोनित सदस्य स्थायी समिति के लिए मतदान करते हैं तो मेयर के लिए क्यों नहीं कर सकते हैं?

"मनोनित सदस्यों को मेयर चुनने का पूरा अधिकार"
वहीं, पश्चिमी दिल्ली के सांसद प्रवेश वर्मा ने भी कहा कि मनोनित सदस्यों को मेयर चुनने का पूरा अधिकार है। आप सरकार एक भी चुनावी वादा पूरा नहीं कर सकी। केंद्र सरकार पर काम नहीं करने देने का आरोप लगाकर लोगों को भ्रमित करती रही। विधायक विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि आप नगर निगम संभालने में असक्षम है। यही कारण है कि संख्या बल ज्यादा होने के बावजूद मेयर चुनाव नहीं होने दे रही है।

आप कार्यालय की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने बैरिकेड लगाकर बीच में ही रोक लिया। जहां पर प्रदर्शनकारियों ने आप सरकार व मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन में भाजपा के पदाधिकारी, विधायक, पार्षद व कार्यकर्ता शामिल थे।

 

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!