Dark Mode
  • Friday, 01 May 2026
कार में मिले दो शव, इलाके में मची सनसनी

कार में मिले दो शव, इलाके में मची सनसनी

नरेला के एनआईए थाना क्षेत्र स्थित खेड़ा खुर्द गांव में मंगलवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब नहर किनारे खड़ी एक टैक्सी नंबर कार के अंदर दो शव मिलने की सूचना सामने आई। सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
मामले की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कार के आसपास सुरक्षा घेरा बनाकर लोगों को दूर कर दिया, ताकि जांच में कोई बाधा न आए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
पुलिस के अनुसार कार के अंदर मिले दोनों शवों की पहचान खेड़ा खुर्द गांव निवासी विकास (42) और विजेंद्र (36) के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक दोनों एक-दूसरे को जानते थे, लेकिन उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
घटना की सूचना पर फारेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने कार और आसपास के इलाके से कई अहम सबूत जुटाए हैं। पुलिस कार की बारीकी से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों की मौत हादसे, आपसी विवाद या किसी अन्य कारण से हुई है। इसके साथ ही पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कार वहां कब और कैसे पहुंची। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं घटना के बाद खेड़ा खुर्द और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!