Dark Mode
  • Saturday, 21 February 2026
पीएम मोदी से मुलाकात कर वित्त आयोग ने सौंपी अंतिम रिपोर्ट

पीएम मोदी से मुलाकात कर वित्त आयोग ने सौंपी अंतिम रिपोर्ट

नई दिल्ली,। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से 16वें वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरविंद पनगढ़िया के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। आयोग द्वारा तैयार की गई अंतिम रिपोर्ट पीएम मोदी को सौंपी गई। प्रधानमंत्री ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, आयोग के अध्यक्ष अरविंद पनगढ़िया के नेतृत्व में 16वें वित्त आयोग के सदस्यों के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की।

यह रिपोर्ट 1 अप्रैल 2026 से शुरू होने वाली पांच वर्षीय अवधि (2026-2031) के लिए केंद्र और राज्यों के बीच कर राजस्व की शुद्ध आय के बंटवारे के सिद्धांतों, राज्यों के बीच उनके संबंधित हिस्सों के आवंटन, राज्यों को दी जाने वाली सहायता अनुदान की राशि और शर्तों, आपदा प्रबंधन पहलों के वित्तपोषण की व्यवस्था तथा अन्य संबंधित मुद्दों पर विस्तृत सिफारिशें करती है।

इससे पहले सोमवार को ही 16वें वित्त आयोग के सदस्यों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर रिपोर्ट की एक प्रति उन्हें भेंट की। इसके बाद आयोग ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को भी रिपोर्ट की प्रति सौंपी। आधिकारिक बयान के अनुसार, संविधान के अनुच्छेद 281 के प्रावधानों के तहत वित्त मंत्री द्वारा इस रिपोर्ट को संसद के दोनों सदनों के पटल पर रखे जाने के बाद इसे सार्वजनिक डोमेन में उपलब्ध कराया जाएगा। 16वें वित्त आयोग का गठन भारत के राष्ट्रपति द्वारा किया गया था। इसके अध्यक्ष डॉ. अरविंद पनगढ़िया थे, जबकि सदस्यों में एनी जॉर्ज मैथ्यू, डॉ. मनोज पांडा, टी. रबी शंकर और डॉ. सौम्यकांति घोष शामिल थे। आयोग के सचिव ऋत्विक पांडे भी रिपोर्ट सौंपने के दौरान उपस्थित रहे।अपने लगभग दो वर्ष के कार्यकाल में आयोग ने केंद्र सरकार, सभी राज्य सरकारों, पंचायती राज संस्थाओं तथा नगरीय स्थानीय निकायों के प्रतिनिधियों, पूर्व वित्त आयोगों के अध्यक्षों व सदस्यों, प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों, बहुपक्षीय वित्तीय संस्थाओं, आयोग की सलाहकार परिषद तथा विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों के साथ व्यापक परामर्श किया।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!