Dark Mode
  • Thursday, 21 May 2026
अंबेडकर अस्पताल से नवजात चोरी, 12 घंटे में बरामद

अंबेडकर अस्पताल से नवजात चोरी, 12 घंटे में बरामद

बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल के जच्चा-बच्चा वार्ड से मंगलवार सुबह नवजात के गायब होने की घटना से हड़कंप मच गया। नरेला निवासी जाकिर अली ने बताया कि 12 फरवरी को प्रसव पीड़ा के बाद उनकी पत्नी शाहीन को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 14 फरवरी को बेटे का जन्म हुआ। मंगलवार सुबह जब परिवार ने बच्चे को पालने में नहीं पाया तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। रोहिणी जिला पुलिस ने मामला दर्ज कर करीब 10 टीमों का गठन किया और अस्पताल परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए। जांच के दौरान एक संदिग्ध महिला की पहचान हुई, जो पिछले कुछ दिनों से खुद को रिश्तेदार बताकर वार्ड में आ-जा रही थी। जानकारी के मुताबिक, महिला ने मां से घनिष्ठता बढ़ाई और तड़के करीब पांच बजे नवजात को गोद में लेकर बाहर निकल गई। तकनीकी निगरानी और फुटेज के आधार पर पुलिस ने शाम तक आरोपियों का सुराग लगा लिया। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के पास दबिश देकर महिला और उसके 20 वर्षीय साथी को पकड़ लिया गया। दोनों की पहचान सिरसपुर निवासी इंदू देवी (40) और उन्नाव निवासी अहिबरन सक्सेना के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, महिला अपने पति से अलग रह रही थी और कथित तौर पर युवक के साथ संबंध में थी। परिवार को शादी का प्रमाण दिखाने के लिए दोनों ने नवजात चोरी की साजिश रची और पहले से अस्पताल की रेकी की थी। करीब 12 घंटे के भीतर रोहिणी जिला के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव रंजन ने नवजात को सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। इस घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस आरोपियों से विस्तृत पूछताछ कर रही है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!