ब्रह्म मुहूर्त का समय होता है सबसे शुभ, शांत और ऊर्जावान: आयुर्वेद
नई दिल्ली। स्वस्थ शरीर और संतुलित जीवन के लिए ब्रह्म मुहूर्त का समय सबसे शुभ, शांत और ऊर्जावान माना जाता है। यह वह समय होता है जब वातावरण में ऊर्जा का संचार सबसे अधिक होता है, जिससे शरीर, मन और आत्मा का संतुलन सहज रूप से स्थापित होता है। आयुर्वेद के अनुसार “ब्रह्ममुहुर्ते उत्तिष्ठेत्”, यानी सूर्योदय से करीब डेढ़ घंटा पहले उठना चाहिए। इस समय उठने वाले लोगों की स्मरण शक्ति, फेफड़ों की कार्यक्षमता और ध्यान की क्षमता बेहतर मानी जाती है। सुबह उठते ही सबसे पहले मुख-शुद्धि की सलाह दी जाती है। नीम, बबूल या खैर की दातून से दांत साफ करना और जीभ की परत को खुरचना चाहिए। इससे न केवल मुंह की दुर्गंध दूर होती है, बल्कि शरीर के अंदर जमा विषाक्त तत्व (टॉक्सिन्स) भी बाहर निकलते हैं, जिससे पाचन तंत्र सक्रिय हो जाता है। इसके बाद उषःपान यानी सुबह खाली पेट गुनगुना पानी पीना बेहद लाभदायक होता है।
तांबे या मिट्टी के पात्र में रखा पानी पीने से कब्ज, गैस और त्वचा संबंधी समस्याएं दूर होती हैं। यह शरीर को भीतर से शुद्ध करता है और मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाता है। इसके बाद नाक और आंखों की शुद्धि पर ध्यान देना जरूरी है। सुबह ठंडे पानी से आंखें धोने और नाक में गाय के घी या अणु तेल की कुछ बूंदें डालने से आंखों की रोशनी बढ़ती है, साइनस की समस्या दूर होती है और दिमाग शांत रहता है। आयुर्वेद में इसे नस्य क्रिया कहा गया है, जो दिमाग को ताजगी देती है। योग, प्राणायाम और हल्के व्यायाम सुबह करने से शरीर में नई ऊर्जा का संचार होता है। सूर्य नमस्कार, ताड़ासन या अनुलोम-विलोम जैसे आसन रक्त संचार को बेहतर करते हैं और तनाव को कम करते हैं। यह शरीर को चुस्त और मन को एकाग्र बनाते हैं।
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!